मोतिहारी: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार की रात जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजे के पार हुई, शहर के घरों और मंदिरों में शंख ध्वनि के साथ ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजने लगे. भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही.
शहर के कचहरी चौक स्थित जगदंब धाम मंदिर, बलुआ दुर्गा मंदिर, नरसिंह बाबा मंदिर, चांदमारी दुर्गा मंदिर, स्टेशन स्थित मंदिर और गायत्री मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर जन्माष्टमी को लेकर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं.
राम घाट स्थित शिव मंदिर में दिखी भव्य सजावट
इस बार जन्माष्टमी पर शहर में गांधी नगर राम घाट स्थित शिव मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा. मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया. राम घाट तालाब में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी बाल लीलाओं से जुड़ी मनमोहक झांकियां तैयार की गयी थीं.
झांकियों में वासुदेव द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर यमुना पार कराने, कृष्ण की गोपियों के साथ अठखेलियां और कदम के पेड़ पर बैठकर बांसुरी बजाने जैसे कई दृश्य उकेरे गए थे. इन झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही.
मंदिर परिसर में इस वर्ष जन्माष्टमी का 56वां आयोजन किया जा रहा है. यहां 4 और 5 सितंबर को दो दिनों तक भव्य मेले का आयोजन भी किया गया है.
वृक्षास्थान में करीब सौ वर्षों से मनाई जा रही जन्माष्टमी
वृक्षास्थान में भी जन्माष्टमी को लेकर भव्य पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया. पंडित दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यहां करीब सौ वर्षों से जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है.
पर्व को लेकर यहां भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा और विशेष पूजा-अर्चना की गयी.
नरसिंह बाबा मंदिर में दही-मटका फोड़ प्रतियोगिता
शहर के नरसिंह बाबा मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर दही-मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला.
जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा. मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन और कृष्ण जन्मोत्सव से जुड़े आयोजनों के बीच देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.
यह भी पढ़ें
मोतिहारी: वीरगंज के दो होटलों में पुलिस की छापेमारी, पांच महिलाओं समेत 8 लोग हिरासत में
