मोतिहारी: पैसों के विवाद में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत,  गांव में तनाव

केसरिया के बिजधरी माफी गांव निवासी अर्जुन राय की मारपीट में घायल होने के बाद पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जुट गए. पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में लगी है. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के केसरिया से राकेश कुमार रत्न की रिपोर्ट

Motihari News: बिजधरी थाना क्षेत्र के बिजधरी माफी गांव निवासी अर्जुन राय (43) की गुरुवार को पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. बीते 31 मई को पैसों के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनकी मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है.

मारपीट में गंभीर रूप से हुए थे घायल

जानकारी के अनुसार 31 मई को पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के दौरान अर्जुन राय के साथ मारपीट की गई थी. घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई.

परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

आरोपी के घर पहुंचे ग्रामीण

मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण शव को लेकर आरोपी के पश्चिमी सुंदरापुर स्थित झगरुआ चट्टी पहुंचे. वहां लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए.

पुलिस ने संभाली स्थिति

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाकर माहौल को शांत कराया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र करने में जुट गई.

उधार के पैसे को लेकर हुआ था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार अर्जुन राय ने करीब पांच माह पूर्व पश्चिमी सुंदरापुर निवासी नवीन कुमार को कुछ रुपये उधार दिए थे. जब वह अपनी राशि वापस मांगने पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें अर्जुन राय गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अर्जुन राय की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है. परिजन तथा ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >