हरसिद्धि से ब्रज किशोर कुशवाहा की रिपोर्ट
Harsiddhi Accident News: पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि-छपवा मुख्य मार्ग पर स्थित एचपी गैस बॉटलिंग प्लांट के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक राजेश कुमार की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे गैस से भरा एक टैंकर सड़क से नीचे उतर गया था. टैंकर को बाहर निकालने के लिए प्लांट कर्मियों ने उसमें स्टील वायभर (टोचन) बांधी थी.
इसी दौरान हरसिद्धि वार्ड संख्या-4 निवासी राजेश कुमार (28), पिता लखन प्रसाद, मोतिहारी से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वह गैस प्लांट के पास पहुंचे, टैंकर से बंधी स्टील वायर उनकी गर्दन में फंस गई.
हादसा इतना गंभीर था कि उनकी गर्दन बुरी तरह कट गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अपने पीछे पत्नी प्रीति कुमारी और मां नंद कुमारी देवी को छोड़ गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
सड़क जाम, यातायात पूरी तरह ठप
हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एचपी गैस बॉटलिंग प्लांट के मुख्य द्वार के सामने शव रखकर हरसिद्धि-छपवा मुख्य मार्ग जाम कर दिया.
सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, जिला परिषद प्रतिनिधि राजेंद्र यादव तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि अशोक कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे.
प्रशासन गैस प्लांट प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास कर रहा है.
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही है. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम समाप्त कराने और परिजनों को समझाने का प्रयास जारी था.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
