Girl Climbs Tower: मोतिहारी जिले के रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत परेउवा वार्ड संख्या 1 स्थित बौधि माई स्थान के पास मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. हाथ में चाकू लिए बैठी युवती की इस हरकत से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
Tower incident: प्रेमि की जिद और टावर पर हंगामा
मिली जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ी युवती की पहचान परेउवा निवासी नजमुद्दीन अंसारी की पुत्री रूबी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, रूबी परेउवा के ही रहने वाले विवेक नाम के एक युवक से प्रेम करती है. वह उसी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है और इसी बात को लेकर वह मोबाइल टॉवर की सबसे ऊंची चोटी पर जा पहुंची. टॉवर पर चढ़ने के बाद वह हाथ में चाकू लहराकर लोगों को डरा रही थी.
Motihari News: पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ
घटना की सूचना मिलते ही हरैया थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए माइक से लगातार लाउडस्पीकर के जरिए युवती को समझाने का प्रयास किया. थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि तुम्हारी सभी मांगें पूरी की जाएंगी और जिससे तुम शादी करना चाहती हो, उसी से तुम्हारी शादी कराई जाएगी. बस तुम सुरक्षित नीचे उतर जाओ. काफी मशक्कत के बाद प्रशासन उसे सुरक्षित उतारने की कोशिश में जुटा रहा. इस दौरान रक्सौल अंचलाधिकारी अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि इस बड़े मोबाइल टॉवर की देखरेख के लिए किसी भी सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं की गई है. इसी लापरवाही के कारण कोई भी आसानी से टॉवर पर चढ़ जाता है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे टॉवरों पर सुरक्षा गार्ड नियुक्त किए जाएं ताकि इस तरह की अनहोनी घटनाओं को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें... रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर! वैशाली-बिहार संपर्क क्रांति समेत एक दर्जन ट्रेनें डायवर्ट, जानें बदला हुआ रूट
