Dhaka Fake Fertilizer: सिकरहना अनुमंडल के ढाका थाना क्षेत्र में नकली खाद बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में पकड़े गए गोदाम के मामले में मेसर्स अंश ट्रेडर्स के प्रोपराइटर खलीकुर्रहमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
उर्वरक निरीक्षक उमेश कुमार वर्मा ने शुक्रवार को ढाका थाने में मामला दर्ज कराया.
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
अधिकारियों के अनुसार, चंदनबारा मदनी चौक के पास स्थित गोदाम से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस और कृषि विभाग की टीम को मौके से नकली डीएपी, एमओपी, सफेद रंग के खाली बोरे, स्टिचिंग मशीन, करीब 20 टन नमक, ऑक्सीजन सिलेंडर तथा उर्वरक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली.
नकली उर्वरक बनाने की आशंका
कृषि विभाग के अनुसार, बरामद सामग्री को देखते हुए प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि गोदाम में नकली उर्वरक तैयार करने का काम किया जा रहा था.
इसी आधार पर संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.
जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल
प्रखंड कृषि पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि गोदाम से बरामद कच्चे माल और अन्य सामग्रियों के नमूनों को सीलबंद कर प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
जांच रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस और कृषि विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री का उपयोग किस प्रकार के उर्वरक तैयार करने में किया जा रहा था और मामले में आगे किन धाराओं के तहत कार्रवाई होगी.
