Motihari News: सदर प्रखंड की रूल्ही पंचायत में ग्रामीणों की जन शिकायतों के प्रभावी और त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने नल-जल, बिजली आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन और भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं के लिखित आवेदन अधिकारियों को सौंपे. मौके पर मौजूद जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया.
'सात निश्चय-3' के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' पर जोर
बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के मूल लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक तंत्र को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड अथवा जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें.
नल-जल, पेंशन और भूमि विवाद की शिकायतों पर त्वरित आदेश
मीडिया को संबोधित करते हुए डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि शिविर में प्रमुख रूप से नल-जल योजना की गड़बड़ियों, बिजली बिल व कनेक्शन, वृद्धावस्था/विधवा पेंशन और जमीन विवाद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को हस्तगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.
पंचायत स्तर पर शिविर लगने से ग्रामीणों को बड़ी राहत
जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायत स्तर पर ऐसे सहयोग शिविर आयोजित करने से ग्रामीणों को अपनी बात सीधे उच्चाधिकारियों के समक्ष रखने का मंच मिलता है.
इससे न केवल शिकायतों के निवारण की गति तेज होती है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही भी तय होती है. ग्रामीणों ने भी गांव में ही उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में समस्या समाधान की इस पहल का स्वागत किया.
सदर एसडीओ, बीडीओ और सीओ रहे उपस्थित
इस सहयोग शिविर में अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
शिविर में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अरुण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) लखींद्र यादव, अंचलाधिकारी (CO) सुनील कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) सहित विभिन्न तकनीकी विभागों के कनीय व सहायक अभियंता तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
