चकिया में युवक को खदेड़कर गोली मारी, कंधे के आर-पार हुई गोली, तीन हिरासत में

मोतिहारी के चकिया में बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. जमीन विवाद में इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी सहित तीन लोग हिरासत में हैं.

Motihari News: चकिया थाना क्षेत्र के पोखरिया टोला, सेंटर चौक के पास शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल की पहचान नीतीश कुमार उर्फ गोलू (27), पिता संजय चौरसिया के रूप में हुई है. गोली युवक के कंधे के आर-पार हो गई. स्थानीय लोगों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया.

Chakia News: रास्ता रोककर अपराधियों ने युवक को खदेड़ा

जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार उर्फ गोलू सेंटर चौक से पोखरिया टोला स्थित अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उसका रास्ता रोक लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी अपराधियों के हाथ में हथियार थे. नीतीश ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन अपराधियों ने बाइक से उतरकर उसका पीछा किया.

खदेड़कर कंधे के आर-पार मारी गोली

अपराधियों ने युवक को खदेड़कर गोली चला दी. गोली नीतीश के कंधे के आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया.

गंभीर हालत में एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर

अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नीतीश कुमार को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार घायल का काफी खून बह गया है. जख्म में बारूद के अंश होने के कारण संक्रमण का खतरा भी बताया गया है.

जमीन विवाद में गोलीबारी की आशंका

घायल के परिजनों के अनुसार घटना को सत्यम उर्फ राजा, पिता हरिलाल साह सहित चार लोगों ने अंजाम दिया है. परिजनों का कहना है कि सत्यम के एक संबंधी का नीतीश के परिवार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के कारण घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है. परिजनों ने यह भी बताया कि सत्यम उर्फ राजा का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है.

मुख्य आरोपी समेत तीन हिरासत में

थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल नीतीश कुमार उर्फ गोलू का बयान भी दर्ज कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घटना के कारणों और आरोपों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

यह भी पढ़ें:बगहा में व्यापारियों की नई टीम तैयार, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nirmal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >