Bihar Vidya Sathi App: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा सोमवार को 'बिहार विद्या साथी ऐप' का डिजिटल शुभारंभ किया गया. यह ऐप राज्य के छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है, जिस पर 24 घंटे एक्सपर्ट शिक्षक उपलब्ध रहेंगे. इस कार्यक्रम का पटना से सीधा प्रसारण पूरे बिहार में किया गया.
24 hours expert teachers: मोतिहारी में एनआईसी और मॉडल स्कूलों में खास व्यवस्था
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट के लिए समाहरणालय मोतिहारी स्थित एनआईसी कक्ष के साथ-साथ जिले के सभी 33 मॉडल स्कूलों में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं. मोतिहारी एनआईसी सभागार में जिला कलेक्टर सौरभ सुमन यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी और सरस्वती विद्या निकेतन (जिला स्कूल, मोतिहारी) के नौवीं तथा दसवीं कक्षा के छात्र उपस्थित रहे.
3 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगा सीधा लाभ
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दी गई जानकारी के अनुसार, इस ऐप के जरिए बिहार भर के 700 से अधिक मॉडल स्कूलों के लगभग 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे. मॉडल स्कूलों के 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी इस ऐप की मदद से अपनी शैक्षणिक शंकाओं, विषय अध्ययन और समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे.
student education app: ऐप के इस्तेमाल की प्रक्रिया और समय-सीमा
विद्यार्थियों को स्कूल के लॉगिन आईडी पर लॉग इन करना होगा, जिसके बाद उनके रजिस्टर्ड नंबर पर एक ओटीपी आएगा. ओटीपी दर्ज करने के बाद छात्र सीधे संबंधित विषय के एक्सपर्ट शिक्षक से जुड़कर अपने प्रश्न पूछ सकेंगे. शिक्षकों द्वारा छात्रों के सवालों के सटीक और सही हल बताए जाएंगे. यह पूरी सुविधा 24 घंटे लगातार संचालित होगी.
पूर्वी चंपारण में योजना का दायरा
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले में कुल 33 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) संचालित हो रहे हैं. इस ऐप के माध्यम से नौवीं एवं दसवीं कक्षा के छात्र सभी विषयों के प्रश्नों को हल करवा सकेंगे, जबकि 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र विशेष रूप से विज्ञान विषय से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे.
