Motihari News: मोतिहारी. वित्तीय सेवा विभाग के सचिव संजय लोहिया की अध्यक्षता में सोमवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के प्रमुखों की बैठक हुई. बैठक में 28 से 30 सितंबर तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गयी.
इधर, यूनियनों की मांगों पर अब तक निर्णय नहीं होने से बैंक कर्मियों में नाराजगी है. पूर्वी चंपारण के बैंक कर्मियों ने मंगलवार को बैठक कर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया. कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध भी जताया.
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की प्रमुख मांग
यूएफबीयू के जिला संयोजक डीएन त्रिवेदी ने बताया कि बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है.
उन्होंने बताया कि मार्च 2024 में यूनियनों और इंडियन बैंक एसोसिएशन के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर समझौता हुआ था. इसके बावजूद अब तक सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गयी है.
इसी मुद्दे को लेकर बैंक कर्मियों में असंतोष है और संगठन की ओर से आंदोलन को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.
काला बिल्ला लगाकर बैंक कर्मियों ने जताया विरोध
बिहार प्रोविंशियल बैंक इम्पलाईज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार के रुख को देखते हुए हड़ताल की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.
पूर्वी चंपारण के बैंक कर्मियों ने मंगलवार को काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया. बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति और हड़ताल को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गयी.
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है राष्ट्रव्यापी हड़ताल
यूएफबीयू की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है. इसे लेकर बैंक स्तर पर तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी चर्चा हो रही है.
हड़ताल की स्थिति में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं.
22-23 सितंबर को सुलह बैठक प्रस्तावित
स्टेट बैंक के क्षेत्रीय सचिव विकास रंजन ने बताया कि मांगों के समाधान को लेकर 22 और 23 सितंबर को मुख्य श्रम आयुक्त की अगुवाई में सुलह बैठक प्रस्तावित है.
अब बैंक कर्मियों और यूनियनों की नजर इस बैठक के नतीजे पर है. यदि मांगों को लेकर कोई समाधान नहीं निकलता है, तो 28 सितंबर से प्रस्तावित हड़ताल को लेकर आगे की रणनीति के अनुसार आंदोलन किया जाएगा.
बैठक में कई बैंक प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने स्तर पर हड़ताल की तैयारियों की जानकारी दी.
इस दौरान राहुल रवि, भारत भूषण, चंदन कुमार, प्रमेन्द्र कुमार, प्रभात कुमार, अरविंद कुमार पासवान, कौशल किशोर, सुबोध कुमार, ओमप्रकाश कुमार, विशाल कुमार और चंद्रमा सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: शिक्षक शमशाद हत्याकांड में 20 हजार का इनामी पूर्व प्रमुख चमन गिरफ्तार, पूछताछ में मारपीट की बात स्वीकारी
