Motihari News: थाना क्षेत्र के चैलाहां बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई. चोर दुकान का शटर आधा उठाकर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.
घटना के बाद बाजार के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
खाना खाने गए थे दुकानदार, लौटे तो खुला मिला शटर
पीड़ित दुकानदार शंकर प्रसाद, जो पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष भी हैं, बंजरिया थाना क्षेत्र के सिंघिया हीबन (मोतिहारी नगर निगम वार्ड संख्या-1) के निवासी हैं. उनकी चैलाहां बाजार में एसबीआई एटीएम के बगल में सोने-चांदी के आभूषण की दुकान है.
थाने में दिए आवेदन के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर कुछ देर के लिए खाना खाने अपने घर गए थे. वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि दुकान का शटर आधा खुला है और अंदर अलमारी का ताला टूटा हुआ है.
सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर
दुकानदार के अनुसार, चोर अलमारी में रखे थैले से करीब ढाई किलोग्राम चांदी के जेवर, 50 ग्राम सोने के आभूषण और दराज में रखे 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
