Madhubani News : मेघवन में डीकेबीएम एसएच-75 पर ट्रक व बाइक की टक्कर में युवक की मौत

थाना क्षेत्र की मेघवन गांव के पास डीकेबीएम एसएच 75 मुख्य सड़क पर ट्रक और बाइक में टक्कर हो गयी.

बेनीपट्टी. थाना क्षेत्र की मेघवन गांव के पास डीकेबीएम एसएच 75 मुख्य सड़क पर ट्रक और बाइक में टक्कर हो गयी. जिससे बाइक सवार की मौत हो गयी. घटना बुधवार की सुबह करीब साढ़े दस से 11 बजे के आस-पास की है. मृतक की पहचान दरभंगा जिले के कमतौल थाना के कमतौल वार्ड 2 के राम नरेश ठाकुर के पुत्र निशांत कुमार भारद्वाज उर्फ नंदन (27) के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार भारद्वाज अपनी बाइक से किसी काम से बसैठ की ओर आया था और काम पूरा कर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी क्रम में कमतौल की ओर से बसैठ की ओर जा रहे ट्रक से मेघवन गांव के पास डीकेबीएम मुख्य सड़क पर दोनों में टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये. वहीं, सिर में अत्यधिक चोट आने के कारण बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इधर, घटना होते ही स्थानीय सरपंच मो. अरमान सहित काफी संख्या में आसपास के लोग जुट गये. देखते ही देखते काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. लेकिन तब तक घायल की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी. सरपंच द्वारा बेनीपट्टी थाना पुलिस और मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दी गयी. घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा तो ग्रामीणों ने खदेड़ कर ट्रक को पकड़ लिया. इस क्रम में ट्रक चालक ट्रक छोडकर भाग निकला. उधर, जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिव शरण साह, अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, एसआइ संतोष कुमार, सूर्यबल्ली कुमार, राम कुमार सिंह, रेणु कुमारी व एएसआइ संतोष कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया. ट्रक और दुर्घटना ग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले आये. सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच दहाड़े मार मार कर रोने बिलखने लगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >