Bisfi News: प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, परसौनी उत्तरी के सभागार में गुरुवार को विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार झा ने की, जबकि संचालन कवच परियोजना के प्रखंड समन्वयक लाल पंडित ने किया. कार्यक्रम का आयोजन समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान के तत्वावधान में किया गया.
मानव तस्करी के खतरों से छात्रों को कराया अवगत
कार्यक्रम में छात्रों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों और इसके समाज पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई. विशेष रूप से बच्चों को यौन शोषण, बाल मजदूरी, भिक्षावृत्ति, वेश्यावृत्ति तथा मानव अंगों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया.
हेल्पलाइन नंबर की भी दी गई जानकारी
जागरूकता अभियान के तहत छात्रों को आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संकट की स्थिति में वे समय पर सहायता प्राप्त कर सकें.
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी मानव तस्करी की रोकथाम में जागरूकता की भूमिका पर अपने विचार साझा किए.
कार्यक्रम में शिक्षक विद्यानंद सिंह, प्रदीप रंजन झा, अरविंद कुमार, सुशांत झा, शोभा कुमारी, अभिलाष श्रीवास्तव, शोभित ज्योति, रोशन राज, पंकज कुमार, ललन कुमार राय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे.
