Bisfi News: बिस्फी के टीपीसी भवन में प्रखंड स्तरीय बाल कल्याण संरक्षण समिति की प्रशिक्षण सह बैठक आयोजित की गई. बैठक में बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही प्रखंड की सभी पंचायतों में बाल कल्याण संरक्षण समिति का गठन कर इसे प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया.
बाल संरक्षण कानूनों की दी गई जानकारी
बैठक की अध्यक्षता समग्र शिक्षा विभाग संस्थान की ओर से की गई. इसमें बीडीओ बसंत कुमार सिंह, सीओ संतोष कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला प्रबंधक रुपाली कुमारी, डॉ. अब्दुलबासित, प्रखंड समन्वयक संजीव कुमार, थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, अनुराग कुमार सहित कई अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे.
बाल विवाह और बाल श्रम रोकने पर जोर
संस्थान के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा बाल श्रम एवं बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
बीडीओ बसंत कुमार सिंह एवं जिला समन्वयक रुपाली कुमारी ने बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की. बैठक में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संस्थान के साथ मिलकर अभियान को सफल बनाने का आश्वासन दिया.
इस अवसर पर संस्थान के प्रखंड समन्वयक लाल पंडित, मो. तबरेज हसन, सतीश कुमार, मुखिया अविनाश पासवान, मो. शम्बूक, अध्यक्ष चंद्रजीत यादव, उपाध्यक्ष श्रीकांत यादव सहित कई लोग उपस्थित थे.
