Madhubani News: बाबूबरही प्रखंड अंतर्गत बड़हारा हाल्ट की विभिन्न गंभीर समस्याओं के समाधान को लेकर एक सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) समस्तीपुर से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को एक ज्ञापन (मांग पत्र) सौंपकर हाल्ट पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढाँचे में सुधार की जोरदार मांग उठाई. इस प्रतिनिधिमंडल में तिरपित सिंह, डॉ हेमचंद्र कुमार, ललित कुमार साह, प्रेमचंद झा, झोली महतो और ठकाई महतो शामिल थे.
बड़हारा हाल्ट को मिले पूर्ण स्टेशन का दर्जा, ओवरब्रिज निर्माण की मांग
ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से मांग रखी कि बड़हारा हाल्ट को जल्द से जल्द पूर्ण स्टेशन का दर्जा प्रदान किया जाए. इसके साथ ही उत्तरवर्ती गुमटी पर रेलवे फाटक (लेवल क्रॉसिंग) और ओवरब्रिज का निर्माण अतिशीघ्र कराया जाए ताकि स्थानीय राहगीरों और वाहन चालकों को आए दिन लगने वाले जाम और दुर्घटना की आशंका से मुक्ति मिल सके.
ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने और लौकहा-दरभंगा लोकल ट्रेन चलाने पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने रेल प्रशासन का ध्यान ट्रेनों की आवाजाही की ओर खींचते हुए कहा कि हाल्ट पर सभी गुजरने वाली ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाना चाहिए. साथ ही क्षेत्र में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और लोकल ट्रेन का परिचालन लौकहा बाजार से सीधे दरभंगा तक नियमित रूप से करने का अनुरोध किया गया, जिससे आम यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को आवागमन में सहूलियत हो सके.
अंडरपास में जलजमाव से परेशानी, डीआरएम ने निरीक्षण का दिया आश्वासन
प्रतिनिधियों ने हाल्ट के निकट बने तीन रेलवे अंडरपासों में लगातार होने वाले जलजमाव की गंभीर समस्या के स्थायी निदान की भी पुरजोर मांग की. बारिश के मौसम में इन अंडरपासों में पानी भर जाने से कई गांवों का संपर्क टूट जाता है. ज्ञापन को गंभीरता से सुनते हुए डीआरएम समस्तीपुर ने सकारात्मक रुख दिखाया और आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही अपनी तकनीकी टीम के साथ बड़हारा हाल्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और समस्याओं का समाधान निकालेंगे.
यह भी पढ़ें: इंजीनियर अनुवेद कुमार सिंह और डॉ. कुणाल आनंद कांग्रेस में शामिल, जिला अध्यक्ष ने किया स्वागत
