Madhubani News: उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बथनाहा में सोमवार को भी शिक्षकों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. पूर्व मुखिया उमानाथ मंडल उर्फ बिट्टू मंडल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी केंद्र पहुंचकर घेराव करते हुए धरने पर बैठ गए.
बीआरसी के बाहर डटे रहे ग्रामीण और छात्र
ग्रामीणों की बढ़ती नाराजगी को देखते हुए बीआरसी केंद्र में मौजूद शिक्षकों और कर्मियों ने मुख्य द्वार बंद कर लिया. समाचार भेजे जाने तक छात्र और ग्रामीण बीआरसी के बाहर डटे रहे. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर वार्ता करें, विद्यालय में नियमित पठन-पाठन बहाल कराएं और पूरे मामले में स्पष्ट कार्रवाई करें.
छात्र की मौत के बाद ठप है पढ़ाई
गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को विद्यालय से सटे तालाब में डूबने से पांचवीं कक्षा के छात्र ऋतिक कुमार की मौत हो गई थी. घटना के बाद से एक ही परिसर में संचालित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बथनाहा और प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्रह्मपुरा बथनाहा के शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं. इसके कारण दोनों विद्यालयों में पढ़ाई पूरी तरह ठप है.
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रखंड प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू कराने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इसी के विरोध में ग्रामीणों ने बीआरसी का घेराव कर शीघ्र समाधान और नियमित शैक्षणिक व्यवस्था बहाल करने की मांग की.
