Madhubani News: मधुबनी के छात्र-छात्राओं के लिए जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल शुरू की है. स्वतंत्रता दिवस 2026 की थीम 'आजादी का सम्मान, भविष्य के लिए प्रेरणा' के तहत "ऑफिसर फॉर ए डे" कार्यक्रम की शुरुआत की गई है. इस पहल के जरिए 11वीं और 12वीं के चयनित विद्यार्थियों को एक दिन के लिए जिला पदाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP), एसडीओ, एसडीपीओ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ "शैडो ऑफिसर" के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है.
क्या है 'Officer for a Day' कार्यक्रम?
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सुशासन, नेतृत्व और लोकसेवा के प्रति प्रेरित करना है. चयनित छात्र-छात्राएं वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पूरा दिन बिताएंगे और प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे.
इस दौरान प्रतिभागियों को जनसुनवाई, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्णय लेने की प्रक्रिया, बैठकों और क्षेत्रीय निरीक्षण जैसी गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कार्यक्रम में जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन के लिए तैयार गूगल फॉर्म जिला शिक्षा विभाग के माध्यम से सभी शिक्षण संस्थानों के साथ साझा किया जाएगा.
कैसे होगा चयन?
गूगल फॉर्म में विद्यार्थियों की विश्लेषणात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल, सामाजिक संवेदनशीलता और समस्या-समाधान की सोच को परखने वाले प्रश्न पूछे जाएंगे.
विशेषज्ञ समिति सभी आवेदनों का मूल्यांकन करेगी और उत्तरों के आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा.
जानिए महत्वपूर्ण तारीखें
- आवेदन शुरू: तत्काल
- अंतिम तिथि: 10 अगस्त 2026
- चयन परिणाम: 13 अगस्त 2026
- 14 अगस्त: चयनित विद्यार्थी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ "शैडो ऑफिसर" के रूप में कार्य करेंगे.
युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की पहल
जिला प्रशासन का कहना है कि यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता, नवाचारपूर्ण सोच और जनसेवा की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
यह भी पढे़ं: पहली सोमवारी पर झमाझम बारिश से बदला मौसम, शहर में जलजमाव, मौसम विभाग ने जारी किया का आरेंज अलर्ट
