झंझारपुर में बड़ा हादसा, ओवरब्रिज से खाई में गिरा बालू लदा 18 चक्के का ट्रक

झंझारपुर के कन्हौली रेलवे ओवरब्रिज पर एनएच-27 पर एक अनियंत्रित 18 चक्के का ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा. गनीमत रही कि चालक और खलासी मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच गए.

Jhanjharpur Truck Accident: झंझारपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पर कन्हौली रेलवे ओवरब्रिज के समीप मंगलवार की शाम एक बड़ा और भयावह सड़क हादसा हो गया. दरभंगा की ओर से फुलपरास की तरफ जा रहा बालू से लदा एक 18 चक्का भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया. तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर को पार करते हुए पुल की मजबूत रेलिंग तोड़कर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए, लेकिन चमत्कारिक रूप से चालक और खलासी की जान बच गई. दोनों को केवल मामूली चोटें आई हैं.

रेलिंग से टकरा कर पलटा ट्रक

डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में घुसा, फिर रेलिंग तोड़ नीचे गिरा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू लदा 18 चक्का ट्रक काफी तेज गति में आ रहा था. कन्हौली रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बेकाबू ट्रक बीच के डिवाइडर को लांघते हुए विपरीत दिशा वाली दूसरी लेन में जा पहुंचा और वहां सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नीचे खाई में गिर गया. नीचे गिरते ही ट्रक ने कई पलटियां खाईं, जिससे पूरे इलाके में जोरदार धमाके जैसी आवाज गूंज उठी.

धमाके की आवाज सुन दौड़े स्थानीय ग्रामीण, सुरक्षित निकाला

हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े. खाई में पलटे ट्रक की हालत देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे और क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक व खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला. दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से ट्रक 60 फीट नीचे गिरा, उसमें दोनों का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है.

क्रेन की मदद से ट्रक निकालने में जुटी पुलिस

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही झंझारपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति का मुआयना किया और दुर्घटनास्थल पर भीड़ को नियंत्रित किया. भारी क्रेन को मौके पर बुलाकर खाई में गिरे क्षतिग्रस्त ट्रक को बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में रफ्तार तेज होने या तकनीकी खराबी के चलते चालक का नियंत्रण खो जाना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है.


ये भी पढ़ें: अब बिहार में ही करिए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, मुजफ्फरपुर में स्थित है ये भव्य मंदिर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >