Madhubani News: रहिका थाना क्षेत्र में गुरुवार रात रात्रि गश्ती से लौट रहे सब इंस्पेक्टर रुपक रंजन पर तीन अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने पिस्टल के बल पर बाइक लूटने की कोशिश की. विरोध करने पर दरोगा पर चाकू से हमला कर उनकी बाइक लेकर फरार हो गए. हमले में सब इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए.
Rahika News: तीन अपराधियों से अकेले भिड़ गए दरोगा
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार रात सब इंस्पेक्टर रुपक रंजन और चौकीदार किशोर कुमार गश्ती के बाद सादी वर्दी में भोजन कर लौट रहे थे. इसी दौरान थाना से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर एनएच-527A पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोककर बाइक लूटने का प्रयास किया. दरोगा ने बहादुरी दिखाते हुए अपराधियों का हथियार छीनने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें पटककर जांघ में चाकू मार दिया और चौकीदार की बाइक लेकर फरार हो गए.
घायल दरोगा का कराया गया इलाज
घटना की सूचना मिलते ही रहिका थाना पुलिस, एसपी योगेंद्र कुमार, सदर डीएसपी अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायल सब इंस्पेक्टर को रहिका पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनके जांघ में स्टिच लगाया गया. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
SIT गठित, CCTV और तकनीकी जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सदर डीएसपी और बेनीपट्टी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है. एसपी ने दावा किया कि जल्द ही तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पोस्ट ऑफिस RD घोटाले में गिरफ्तारी का आदेश, फिर भी खुलेआम घूम रहे आरोपी
