Madhubani News: रुद्रपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप में साझेदारी दिलाने का झांसा देकर कथित रूप से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान अररिया संग्राम निवासी अमित कुमार झा के रूप में हुई है.
साझेदारी का दिया था आश्वासन
पुलिस के अनुसार, मधुबनी के भच्छी गांव निवासी चंदन कुमार झा ने रुद्रपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमित कुमार झा ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की डीलरशिप के तहत संचालित जय वैद्यनाथ के एमके पेट्रोल पंप, मेन रोड, बरसाम में 50 प्रतिशत साझेदारी देने का आश्वासन दिया था.
आवेदन के अनुसार, आरोपित ने कहा था कि 20 लाख रुपये निवेश करने पर उन्हें पेट्रोल पंप में आधी हिस्सेदारी मिलेगी और हर तीन महीने पर आय-व्यय का हिसाब दिया जाएगा.
अलग-अलग किश्तों में भेजे रुपये
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विश्वास में आकर उन्होंने अलग-अलग किश्तों में कुल 15 लाख 30 हजार रुपये आरोपित के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. इसके बाद पेट्रोल पंप का संचालन अमित कुमार झा के जिम्मे छोड़ दिया गया.
हिसाब मांगने पर धमकी देने का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि तय समझौते के अनुसार तीन महीने पर हिसाब दिया जाना था, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी कोई हिसाब नहीं दिया गया. शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने अपना लाभांश और लगभग 20 लाख रुपये की मांग की तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई.
पुलिस ने आरोपित को भेजा जेल
रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्रा ने बताया कि मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपित अमित कुमार झा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
