Madhubani News: बिस्फी प्रखंड कार्यालय सभागार में बीडीओ बसंत कुमार सिंह की अध्यक्षता में नवपदस्थापित पंचायत सचिवों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों तथा प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई. बीडीओ ने पंचायत सचिवों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
पंचायत सचिवों को जिम्मेदारी निभाने की नसीहत
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ बसंत कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत सचिव सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं. इसलिए सभी सचिव अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
बीडीओ ने पंचायत कार्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभिलेखों का समुचित संधारण, योजनाओं की नियमित समीक्षा तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने जन्म-मृत्यु निबंधन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान समेत अन्य विकास योजनाओं में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक में बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित पंचायत सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
पंचायत सचिवों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक के दौरान पंचायत सचिवों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं से बीडीओ को अवगत कराया. इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय के प्रधान लिपिक सूजीत साफी सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें:न्यायालय ने अपहृता के अभिभावक को बेटी की समुचित देखभाल एवं संस्कारित परवरिश करने की दी हिदायत
