Madhubani News: मधुबनी में किसानों को उचित कीमत पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला कृषि विभाग ने उर्वरक दुकानों पर व्यापक जांच अभियान शुरू किया है. पिछले 15 दिनों में 365 दुकानों की जांच की गई, जिसमें कई दुकानों में अनियमितताएं मिलने पर लाइसेंस रद्द करने से लेकर एफआईआर तक की कार्रवाई की गई है.
365 दुकानों की जांच, कई पर कार्रवाई
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर ने बताया कि जिले में खाद बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. जिले में करीब 650 सक्रिय उर्वरक विक्रेता हैं, जिनमें से अब तक 365 दुकानों की जांच हो चुकी है.
जांच के दौरान करीब 20 दुकानों में अनियमितताएं मिलीं. इसके बाद दो दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई, चार दुकानों का लाइसेंस रद्द किया गया, जबकि 10 दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए.
डीएपी नहीं, एनपीके के बढ़े हैं दाम
कृषि विभाग ने बताया कि इन दिनों कई किसानों में यह भ्रम है कि डीएपी खाद महंगी हो गई है, जबकि ऐसा नहीं है. विभाग के अनुसार डीएपी की कीमत पहले की तरह 1350 रुपये प्रति बैग ही है.
दरअसल, हाल के दिनों में विभिन्न कंपनियों ने एनपीके उर्वरक की कीमत 500 से 700 रुपये प्रति बैग तक बढ़ा दी है. कई किसान एनपीके और डीएपी में अंतर नहीं समझ पाने के कारण दुकानदारों से विवाद कर रहे हैं.
किसानों से विभाग की अपील
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि खाद खरीदने से पहले डीएपी और एनपीके के बीच का अंतर समझें और दुकानदार से उर्वरक का नाम व कीमत स्पष्ट रूप से पूछकर ही खरीदारी करें. पूरी जानकारी मिलने के बाद ही भुगतान करें.
जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ सीजन में जिले में खाद की कोई कमी नहीं है. वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है.
जिले में उपलब्ध स्टॉक
- यूरिया : 13,665 एमटी
- डीएपी : 2,113 एमटी
- एनपीके : 3,238 एमटी
- एमओपी : 735 एमटी
- एसएसपी : 866 एमटी
उर्वरकों की मौजूदा कीमत
जिला कृषि विभाग के अनुसार, डीएपी (DAP) की कीमत 1,350 रुपये प्रति बैग निर्धारित है, जबकि टीएसपी (TSP) 1,300 रुपये प्रति बैग में उपलब्ध है. एमओपी (MOP) की कीमत 2,200 रुपये प्रति बैग है. वहीं एनपीके 16:16:16 और एनपीके 12:32:16 की कीमत 2,250 रुपये प्रति बैग है, जबकि एनपीके 14:28:28 2,100 रुपये प्रति बैग में मिल रहा है. एनपीके 10:26:26 का मूल्य भी 2,250 रुपये प्रति बैग तय किया गया है. इसके अलावा एसएसपी (SSP) 800 रुपये प्रति बैग, एसएसपी जिकेटेट 965 रुपये प्रति बैग तथा एसपी 2,100 रुपये प्रति बैग की दर से उपलब्ध है. जिला कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद खरीदने से पहले उर्वरक का नाम और उसकी कीमत की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि किसी तरह के भ्रम या विवाद से बचा जा सके.
यह भी पढे़ं: ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत! 125 दिन रोजगार, बढ़ी मजदूरी और डिजिटल निगरानी के साथ नई व्यवस्था लागू
