Madhubani police action: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मधुबनी जिले की मधवापुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5.140 किलोग्राम गांजा के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.57 लाख रुपये बताई जा रही है. तस्करी में प्रयुक्त नेपाली नंबर की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है.
Indo Nepal border smuggling: गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि मधवापुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल की सीट के नीचे गांजा छिपाकर ले जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ब्रह्मपुरी-खराज टोल मार्ग पर कड़ी घेराबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू की.
ganja seized: भागने का प्रयास कर रहा था तस्कर
रात करीब 1.30 बजे एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस बल को देखकर भागने की कोशिश करने लगा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया. पूछताछ में उसकी पहचान नेपाल के धनुषा जिले के बेला गांव निवासी दीपेन्द्र राय के रूप में हुई है, जो सीमावर्ती इलाके में सक्रिय था.
सीतामढ़ी में डिलीवरी देने जा रहा था आरोपी
पुलिस ने जब बाइक की विधिवत तलाशी ली, तो सीट के नीचे प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया 5.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नेपाल से गांजा लाकर सीतामढ़ी जिले के पुपरी में किसी तस्कर को डिलीवरी देने जा रहा था.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में मधवापुर थाना में कांड संख्या 166/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर निबंधन कार्यालय में हंगामा, पेपरलेस व्यवस्था और हड़ताल के बीच अवैध वसूली का आरोप
