Phulparas News: नरहिया थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर नरहिया बाजार के समीप बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी 30 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है. वहीं दरभंगा निवासी 24 वर्षीय संजीत शर्मा घायल हो गए.
अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से सुपौल की ओर से आ रहे थे. नरहिया बाजार के पास एनएच-27 पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: एनएच-27 पर यात्री बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक फरार
अस्पताल में मनीष को मृत घोषित किया गया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस दोनों घायलों को बेहोशी की हालत में अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची. वहां चिकित्सकों ने मनीष कुमार को मृत घोषित कर दिया. घायल संजीत शर्मा का इलाज किया गया. चिकित्सकों ने बताया कि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
नरहिया थानाध्यक्ष निलेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
