Bisfi News: बिस्फी प्रखंड में गहराते जल संकट और सूखाड़ जैसी स्थिति को लेकर राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि विष्णु देव सिंह यादव ने जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल राहत उपाय करने की मांग की है. उन्होंने पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने का आग्रह किया है.
कई गांवों में पेयजल संकट गहराया
सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि अनुमंडल के अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. परसौनी, इटहर, बरहा, धजवा, बिस्फी और नूरचक सहित कई गांवों में चापाकलों से पानी निकलना बंद हो गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
योजनाओं का नहीं मिल रहा लाभ
उन्होंने आरोप लगाया कि जल-जीवन-हरियाली और हर घर नल-जल योजना का लाभ भी कई स्थानों पर लोगों को नहीं मिल पा रहा है. इसके कारण ग्रामीणों की पेयजल समस्या और गंभीर हो गई है.
वर्षा की कमी से किसान परेशान
पत्र में कहा गया है कि लगातार पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसानों की फसल प्रभावित हो रही है. अधिकांश स्टेट बोरिंग बंद पड़े हैं, जबकि कमला और घौस नदी समेत अन्य सिंचाई स्रोतों से भी खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है. इससे खेती-किसानी पर संकट गहरा गया है.
10 दिनों में व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
सांसद प्रतिनिधि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पेयजल आपूर्ति और सिंचाई की आवश्यक व्यवस्था अगले 10 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों और किसानों को राहत मिल सके.
