Madhubani: रक्षाबंधन पर राखी बांधकर लौट रहे मां-बेटे की मौत, एक साथ जलीं दो चिताएं

रक्षाबंधन का पर्व मनाकर घर लौट रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में दुखद मृत्यु हो गई. एनएच-27 पर ट्रक की टक्कर से मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. मां-बेटे की अर्थी एक साथ निकली और दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ अलग-अलग चिताओं पर किया गया, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया.

Madhubani News: अंधराठाढ़ी के मदना गांव में शनिवार को एक ऐसा हृदयविदारक दृश्य सामने आया, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. रक्षाबंधन का पर्व मनाकर घर लौट रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत के बाद दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया. अलग-अलग चिताओं पर मां और बेटे का दाह संस्कार होते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं.

राखी बांधकर लौट रहे थे मां-बेटे

मिली जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मदना गांव निवासी सौरभ कुमार मंडल (26) अपनी मां गीता देवी (50) के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर बाइक से घर लौट रहे थे.

इसी दौरान गाड़ाटोल के पास एनएच-27 पर एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सौरभ कुमार मंडल की मौके पर ही मौत हो गयी.

गंभीर रूप से घायल गीता देवी को इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गयी.

एक साथ उठी मां-बेटे की अर्थी

एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही मदना गांव में मातम पसर गया. शनिवार को जब मां और बेटे की अर्थी एक साथ गांव की गलियों से निकली तो हर तरफ चीख-पुकार मच गयी.

ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे, लेकिन इस दर्दनाक दृश्य को देखकर कई लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े.

अलग-अलग चिताओं पर एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

दाह-संस्कार स्थल पर मां और बेटे के शवों को अगल-बगल अलग-अलग चिताओं पर रखा गया. इसके बाद दोनों को एक ही समय मुखाग्नि दी गयी.

दोनों चिताओं को एक साथ जलते देख वहां मौजूद लोगों की रुलाई फूट पड़ी. ग्रामीणों के अनुसार, एक ही परिवार से एक साथ दो अर्थियां उठने और दो चिताएं जलने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

कई घरों में नहीं जले चूल्हे

घटना के बाद से पूरे मदना गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

रक्षाबंधन के दिन जहां परिवार में पर्व की खुशियां थीं, वहीं एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. मां-बेटे की एक साथ हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

यह भी पढ़ें

बेनीपट्टी के कटैया गांव में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क निर्माण का रास्ता साफ

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shiv kumar mahato

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >