Madhubani News : बिहार राज्य आइटी कर्मी संयुक्त मोर्चा के सदस्य करेंगे हड़ताल

मानदेय वृद्धि व सेवा स्थायीकरण की मांगों पर ठोस निर्णय न होने के कारण आंदोलन का ऐलान किया है.

मधुबनी. बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी (बीपीएसएम) के अंतर्गत कार्यरत सभी आइटी सहायक एवं कार्यपालक सहायक ने मानदेय वृद्धि व सेवा स्थायीकरण की मांगों पर ठोस निर्णय न होने के कारण आंदोलन का ऐलान किया है. संयुक्त मोर्चा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि आगामी 3 एवं 4 अक्टूबर को आईटी कर्मी दो दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. साथ ही 6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू होगी. कहा गया है कि वर्तमान समय में चुनाव सहित संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था आईटी पर आधारित है. आंदोलन की अवधि में न केवल चुनावी कार्य बल्कि शासन-प्रशासन की सभी डिजिटल गतिविधियां ठप हो जाएगी. वहीं, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कार्य, मतदाता सूची का अद्यतन, बीएलओ की प्रविष्टियां, प्रशिक्षण मॉड्यूल, नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया, वीवीपैट, इवीएम प्रबंधन से जुड़े पोर्टल, सी-विजिल और अन्य निर्वाचन संबंधी एप का संचालन प्रभावित हो सकता है. जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक कार्य, डाटा एंट्री, विभिन्न विभागीय पोर्टल का संचालन, ऑनलाइन सेवा योजनाओं (पेंशन, छात्रवृत्ति, जनकल्याण योजनाएं) का निबटारा भी प्रभावित होगा. राज्य स्तर पर रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग, विभागीय बैठकों, विकास योजनाओं एवं चुनाव से संबंधित ऑनलाइन समीक्षा के साथ जनता से सीधे जुड़े कार्य में प्रमाण पत्र (जाति, आय, निवास), ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल, ऑनलाइन शिकायत निवारण और अन्य सेवा का कार्य भी प्रभावित होगा. कर्मियों की प्रमुख मांगों में सेवा स्थायीकरण एवं वेतनमान का लाभ देने, सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के आलोक में मानदेय का निर्धारण करने, नियोजन तिथि से इपीएफ का लाभ देने, पुनर्नियोजन की व्यवस्था करना शामिल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >