Ladania News: लदनियां प्रखंड मुख्यालय स्थित महथा पंचायत सरकार भवन वर्षों से निर्माणाधीन है. निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण अब तक भवन आम लोगों के उपयोग के लिए तैयार नहीं हो सका है. इसका खामियाजा पंचायतवासियों को उठाना पड़ रहा है.
जनता पुस्तकालय भवन से संचालित हो रहा पंचायत कार्यालय
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले पंचायत कार्यालय महथा गांव में संचालित होता था, लेकिन कई वर्षों से इसका संचालन लदनियां स्थित जनता पुस्तकालय भवन से किया जा रहा है. पंचायत सरकार भवन का उद्देश्य सभी पंचायत स्तरीय सेवाओं को एक ही परिसर में उपलब्ध कराना था, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण यह उद्देश्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है.
अधूरा निर्माण और उगी झाड़ियां उठा रहीं सवाल
निर्माणाधीन भवन परिसर में उगी झाड़ियां और लंबे समय से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य इसकी धीमी प्रगति की ओर इशारा करता है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड की कई अन्य पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो चुके हैं और वहां से नियमित रूप से पंचायत कार्यालय संचालित हो रहा है, जबकि महथा पंचायत सरकार भवन अब भी अधूरा पड़ा है.
निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से निर्माण कार्य में तेजी लाकर पंचायत सरकार भवन को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि भवन तैयार होने से पंचायत कार्यालय अपने स्थायी परिसर में संचालित होगा और लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
