Madhubani: 12 ट्रैफिक पोस्ट और 50 जवानों के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था, 4 सड़कों पर रोज जाम

मधुबनी शहर में सड़क जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर हो रही है. 12 ट्रैफिक पोस्ट और 50 जवानों की तैनाती के बावजूद स्कूली बच्चे, मरीज और आम लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं. अतिक्रमण और नाला निर्माण इसके मुख्य कारण हैं.

मधुबनी: शहर में सड़क जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है. जाम से निजात दिलाने के लिए जिला मुख्यालय में 12 ट्रैफिक पोस्ट बनाए गये हैं और करीब 50 ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गयी है. इसके बावजूद शहर की प्रमुख सड़कों पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. स्थिति ऐसी रहती है कि आम राहगीरों के साथ-साथ अधिकारी, स्कूली बच्चे, मरीज, ई-रिक्शा चालक, बाइक सवार और अन्य वाहन चालक भी घंटों परेशान होते हैं.

शहर में शंकर चौक से आरके कॉलेज रोड, शंकर चौक से लहेरियागंज चौक, 13 नंबर गुमटी से स्टेशन चौक तथा थाना चौक से कोतवाली चौक तक जाम की समस्या सबसे अधिक देखने को मिल रही है. कार्य दिवस के व्यस्त समय में इन सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को निकलने में काफी परेशानी होती है.

जाम में फंसकर परेशान होते हैं स्कूली बच्चे और मरीज

शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम का सबसे अधिक असर आवश्यक सेवाओं पर पड़ता है. स्कूल बसों के जाम में फंसने से बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है. वहीं, एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ जाती है.

कई बार जरूरी काम से निकले अधिकारी और आम लोग भी जाम में फंसे नजर आते हैं. बाइक और ई-रिक्शा चालक भी वाहनों के बीच रास्ता बनाने की कोशिश में जाम को और बढ़ा देते हैं.

अतिक्रमण और निर्माणाधीन नाला बना परेशानी का कारण

ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि ने बताया कि शहर में सड़क जाम के प्रमुख कारणों में सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण और विभिन्न सड़कों के किनारे चल रहा नाला निर्माण प्रमुख है. नाला निर्माण के कारण कई जगह सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो गयी है. वहीं, सड़क किनारे दुकान, ठेला और अन्य गतिविधियों के कारण भी वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम हो जाती है. ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

12 ट्रैफिक पोस्ट पर करीब 50 जवान तैनात

ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बताया कि जिला मुख्यालय में 12 ट्रैफिक पोस्ट बनाए गये हैं. इन पोस्टों पर करीब 50 ट्रैफिक जवानों को पदस्थापित किया जाता है. किसी स्थान पर जाम लगने की सूचना मिलने पर तत्काल वहां पदाधिकारी और जवानों की संख्या बढ़ाकर यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया जाता है.

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस लगातार जाम को नियंत्रित करने के लिए काम कर रही है.

यह भी पढ़ें

सितंबर में बैंक हड़ताल से 5 दिन प्रभावित हो सकती हैं बैंकिंग सेवाएं, जानें तारीख

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kartik Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >