पंचायत विकास दिवस पर झंझारपुर पहुंचीं प्रभारी मंत्री लेशी सिंह, परखी विकास योजनाएं

Madhubani Panchayat Vikas Diwas: मधुबनी जिले की सभी पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया गया. झंझारपुर के महीनाथपुर में बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने महिला सशक्तिकरण और सुशासन पर जोर दिया.

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani Panchayat Vikas Diwas:बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले ‘पंचायत विकास दिवस’ के अंतर्गत रविवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. इसके तहत झंझारपुर प्रखंड के महीनाथपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री सह भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. इस दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा के सदस्यों, जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारियों और भारी संख्या में ग्रामीण जनता की सक्रिय सहभागिता रही.

कार्यक्रम में मौजूद लोग

लोकतंत्र की असली आधारशिला हैं पंचायतें

जिले की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि पंचायतें हमारे लोकतंत्र की असली आधारशिला हैं और गांवों के समग्र विकास से ही राज्य व राष्ट्र की तरक्की संभव है. उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हर महीने के आखिरी रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है. बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को काफी सशक्त बनाया गया है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में बदलाव दिख रहा है.

महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम पर जोर

प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस बार की मुख्य थीम ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ है. हमारा दृढ़ विश्वास है कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही एक समृद्ध समाज और मजबूत पंचायत का निर्माण हो सकता है. स्वयं सहायता समूहों (SHG) को बढ़ावा देना, महिला उद्यमिता, कौशल विकास और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि ‘पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स’ तथा ‘ई-ग्राम स्वराज’ जैसे डिजिटल माध्यमों से पंचायतों में पारदर्शिता और सुशासन मजबूत हो रहा है. इस अवसर पर ग्रामीणों ने देश के प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक लाइव प्रसारण भी देखा और सुना.

सतत विकास के 9 लक्ष्यों पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान सतत विकास के 9 प्रमुख लक्ष्यों—गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत, सामाजिक सुरक्षित पंचायत, सुशासन युक्त पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत—पर विस्तार से विचार-विमर्श कर नई कार्ययोजना तैयार की गई. उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों के विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया.

नुक्कड़ नाटक ने बांधा समां

वहीं, कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) की नुक्कड़ नाटक टीम ने अपने जीवंत गीत-संगीत और कला के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति को लेकर लोगों को बेहद भावुक अंदाज में जागरूक किया.

यह भी पढ़ें:लापता युवक का शव मिलने से सनसनी, अपहरण और हत्या की आशंका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >