Madhubani painting gallery: मिथिला की विश्वप्रसिद्ध मधुबनी चित्रकला को देश-विदेश के सामने प्रस्तुत करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है. भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर मधुबनी चित्रकला की विशेष गैलरी आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है. इस संबंध में 31 अगस्त 2026 को मिथिला चित्र कला संस्थान के निदेशक को पत्र भेजकर सहयोग और चित्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है.
National Handicrafts Museum: राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में 8 से 15 सितंबर तक सजेगी गैलरी
भारत सरकार की मेजबानी में आगामी 12 और 13 सितंबर 2026 को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित होना है. इस दौरान भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए कई कार्यक्रम तय किए गए हैं. इसी क्रम में नई दिल्ली के राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में 8 से 15 सितंबर 2026 तक मधुबनी चित्रकला की विशेष गैलरी लगाने की योजना बनाई गई है.
प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक शैलियों की कलाकृतियों का प्रदर्शन
विकास आयुक्त कार्यालय ने मिथिला चित्र कला संस्थान से उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिनिधि चित्रकृतियां उपलब्ध कराने को कहा है. प्रदर्शनी में प्राकृतिक रंगों, पारंपरिक प्रतीकों, स्वदेशी सामग्री और पारंपरिक तकनीकों से बनी कलाकृतियों को प्राथमिकता दी जाएगी. इसका उद्देश्य मधुबनी चित्रकला की मूल परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है.
महिला कलाकारों के योगदान और पारंपरिक महत्व पर विशेष जोर
राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में लगने वाली इस गैलरी में मिथिला क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ महिला कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा. महिलाओं ने पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को जीवित रखने और सहेजने में अहम योगदान दिया है, जिसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहा जाएगा.
विशेषज्ञ कलाकारों की होगी प्रतिनियुक्ति और बढ़ेगी मिथिला की पहचान
गैलरी की बेहतर प्रस्तुति के लिए मधुबनी चित्रकला के विशेषज्ञों को प्रदर्शनी अवधि में प्रतिनियुक्त किया जाएगा, जो देश-विदेश के आगंतुकों को चित्रकला के इतिहास और तकनीकों की जानकारी देंगे. ब्रिक्स सम्मेलन में आने वाले अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के बीच इस प्रदर्शनी से मिथिला की कला और संस्कृति को एक नई वैश्विक पहचान मिलने की पूरी उम्मीद है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर निबंधन कार्यालय में हंगामा, पेपरलेस व्यवस्था और हड़ताल के बीच अवैध वसूली का आरोप
