मधुबनी: राम जानकी मंदिर में नवाह संकीर्तन यज्ञ का शुभारंभ, पूरे गांव में भक्तिमय माहौल

Madhubani News: मधुबनी के विक्रमसेर गांव स्थित राम जानकी मंदिर में नवाह संकीर्तन यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. 101 महिलाओं ने कलश शोभायात्रा निकाली. वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित विक्रमसेर गांव का माहौल गुरुवार को पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यहां राम जानकी मंदिर परिसर में नवाह संकीर्तन यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. यज्ञ को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही. पूरे इलाके में भक्ति गीत, मंत्रोच्चारण और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही. यज्ञ की शुरुआत से पहले 101 महिलाओं और बालाओं ने आकर्षक कलश शोभायात्रा निकाली. पारंपरिक परिधान में सजी महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुईं. शोभायात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर टिकुलिया, बिसुनिया चौक, बथुआहा और मुरहद्दी गांव होते हुए त्रिवेणी संगम तट पिपराघाट पहुंची.

वैदिक मंत्रों के बीच हुआ जल पूजन

पिपराघाट में बाल ब्रह्मचारी महंत बाबा रामजतन दास ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ नदी पूजन और देवी-देवताओं की आराधना कराई. पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने मंगल कलश में पवित्र जल भरा. पूरे वातावरण में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला.

हनुमान मंदिर की परिक्रमा कर लौटी शोभायात्रा

वापसी के दौरान शोभायात्रा संकट मोचन सिद्धि मनोकामना हनुमान मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा की. इसके बाद यात्रा माठ और सतघरा गांव होते हुए यज्ञ स्थल पहुंची. वहां विधि-विधान से कलश की प्रतिष्ठापना की गई.

सड़कों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कलश यात्रा को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ लगी रही. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया. यज्ञ शुरू होने के साथ ही पूरे गांव में धार्मिक और भक्तिमय माहौल बन गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >