सौराठ सभा को फिर से बसाने के लिए जुटे मैथिल ब्राह्मण, धरोहर बचाने का लिया संकल्प

Madhubani News: मधुबनी के ऐतिहासिक सौराठ सभा गाछी में मैथिल परशुराम सेना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मैथिल ब्राह्मण जुटे. इस दौरान सौराठ सभा को फिर से जीवंत बनाने, इसकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया.

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा

Madhubani News: मधुबनी जिले के ऐतिहासिक सौराठ सभा गाछी में रविवार को मैथिल परशुराम सेना की ओर से धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में मैथिल ब्राह्मण जुटे और सौराठ सभा को फिर से जीवंत बनाने तथा इसकी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करने का संकल्प लिया.

रुद्राभिषेक और ब्राह्मण भोज के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

मैथिल परशुराम सेना की ओर से कार्यक्रम की शुरुआत माधवेश्वर नाथ महादेव के रुद्राभिषेक से हुई. इसके बाद ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया. दिनभर चले कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

सौराठ सभा को पुनर्जीवित करने का लिया संकल्प

संस्था के मुख्य संरक्षक एवं समाजसेवी संतोष झा ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी मैथिल ब्राह्मण मिलकर ऐतिहासिक सौराठ सभा गाछी को फिर से जीवंत बनाने का संकल्प लें. उन्होंने कहा कि इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और देश-विदेश में रह रहे मैथिल ब्राह्मणों से भी इस धरोहर के संरक्षण में भागीदारी की अपील की जाएगी.

हर घर से एक व्यक्ति पहुंचे तो लौट आएगा इतिहास

संतोष झा ने कहा कि यदि प्रत्येक मैथिल परिवार से एक व्यक्ति भी दस दिनों तक चलने वाली सौराठ सभा में एक दिन के लिए पहुंचे, तो इस ऐतिहासिक स्थल की पुरानी गरिमा फिर से लौट सकती है. उन्होंने कहा कि सौराठ सभा केवल विवाह तय करने का स्थल नहीं, बल्कि मिथिला की सांस्कृतिक और वैदिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र रही है.

धरोहर बचाने के लिए समाज को आगे आने की अपील

संरक्षक इंद्रशेखर झा ने कहा कि मैथिल परशुराम सेना सौराठ सभा गाछी को पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने सभी मैथिल ब्राह्मणों से इसे अपना सामाजिक दायित्व मानते हुए धरोहर संरक्षण के अभियान से जुड़ने की अपील की. उनका कहना था कि सामूहिक प्रयास से ही इस ऐतिहासिक पहचान को बचाया जा सकता है.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम में मिथिला के प्रसिद्ध कलाकार प्रवीण मिश्र, शिवानी झा, चांदनी झा चकोर समेत कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया. इस अवसर पर शेखर चंद्र मिश्र, राजू झा, नलिनी रंजन झा रूपन, मनोज मिश्र, मोहन झा, संतोष झा, प्रकाश चंद्र झा, पीसी झा सहित बड़ी संख्या में मैथिल ब्राह्मण उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: 48 घंटे में पुलिस का बड़ा कमाल! चोरी की स्कॉर्पियो मधुबनी से बरामद, चोरों की तलाश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >