मधुबनी: 70 दिन पुराने लूटकांड का खुलासा, मोबाइल और रुपये के साथ तीन गिरफ्तार

Madhubani News: मधुबनी के साहरघाट थाना क्षेत्र में 70 दिन पहले हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया. एसआईटी ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लूटे गए रुपये और मोबाइल बरामद किए. मोबाइल की लोकेशन और सीडीआर जांच से पुलिस आरोपितों तक पहुंची. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी से रमण कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र में करीब 70 दिन पहले हुई लूटकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने लूट में शामिल दो आरोपितों समेत चोरी का मोबाइल खरीदने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए रुपये और मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं. इस कार्रवाई को लेकर बेनीपट्टी एसडीपीओ अमित कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी.

मोबाइल के सुराग से पुलिस तक पहुंचे आरोपी

एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि 5 मार्च की शाम बोकहा गांव निवासी राजेश रंजन यादव बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सोनई महुआ के पास पुराने चिमनी भट्ठा के समीप दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और 21 हजार रुपये, मोबाइल व जरूरी कागजात लूटकर फरार हो गए. घायल युवक बेहोश हो गया था. बाद में 10 मार्च को साहरघाट थाने में मामला दर्ज कराया गया.

एसआईटी गठन के बाद शुरू हुई जांच

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम बनाई गई. जांच के दौरान पुलिस ने लूटे गए मोबाइल का सीडीआर और लोकेशन ट्रैक किया. जांच में पता चला कि मोबाइल में एक महिला के नाम का सिम इस्तेमाल हो रहा है. इसके आधार पर पुलिस बाड़ाटोल गांव पहुंची और छापेमारी कर मो. मिस्टर उर्फ सितारे और मो. दानीश को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में खुला पूरा राज

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने लूट की बात स्वीकार कर ली. उन्होंने बताया कि लूटे गए रुपये आपस में बांट लिए थे और मोबाइल को मो. तुफैल उर्फ जीवछ को पांच हजार रुपये में बेच दिया था. पुलिस ने उसकी दुकान पर छापा मारकर मोबाइल बरामद कर लिया और तुफैल को भी गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >