मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में विधायक माधव आनंद ने पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात कर तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की. इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की उपयोगिता और जनहित से जुड़े पहलुओं को विस्तार से रखा.
तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर हुई चर्चा
विधायक माधव आनंद ने मंत्री के समक्ष निधि चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण, हनुमान मंदिर से रेलवे गुमटी संख्या-13 तक सड़क निर्माण तथा कोतवाली चौक से एनएच-57 (पेठघाट) तक प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि ये तीनों परियोजनाएं क्षेत्र के लाखों लोगों की सुविधा से जुड़ी हैं.
यातायात और व्यापार को मिलेगा लाभ
विधायक ने बताया कि सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी. साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी. विशेष रूप से कोतवाली चौक से एनएच-57 तक प्रस्तावित सड़क लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही है.
विभागीय स्तर पर लगातार कर रहे प्रयास
माधव आनंद ने कहा कि इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वे लगातार विभागीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए.
यह भी पढ़ें: अवैध नर्सिंग होम और लैब पर बड़ा एक्शन, एसीएमओ की छापेमारी से मचा हड़कंप
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने परियोजनाओं की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए संबंधित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी.
जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना प्राथमिकता
विधायक माधव आनंद ने कहा कि मधुबनी की जनता ने विकास की जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरा करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इन सड़क परियोजनाओं पर जल्द सकारात्मक प्रगति देखने को मिलेगी.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, न्याय की मांग
