मधुबनी: अब उंगलियों पर होगी बच्चों के सेहत की जानकारी, आरबीएसके पोर्टल 2.0 हुआ लाइव

Madhubani News: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत वेब पोर्टल 2.0 लॉन्च किया गया है. इसके जरिए बच्चों की स्वास्थ्य जांच, रेफरल और इलाज की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी. इसके सफल संचालन के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. पढ़ें पूरी खबर…

Madhubani News: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग ने नया ‘वेब पोर्टल 2.0’ लॉन्च किया है. इस नई डिजिटल व्यवस्था के जरिए बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं की जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी. पोर्टल पर चलंत चिकित्सा दल का विवरण, माइक्रो प्लान, बच्चों की स्वास्थ्य जांच की स्थिति और रेफरल से जुड़ी सभी सूचनाएं डिजिटल रूप से दर्ज होंगी. सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाना है. अब बच्चों के उपचार, रेफरल और फॉलोअप की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और व्यवस्थित हो जाएगी.

सफल क्रियान्वयन के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन

आरबीएसके के जिला समन्वयक दीपक कुमार ने बताया कि पोर्टल को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए जिला स्तर पर एक पांच सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया है. इस टीम में जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी, आरबीएसके जिला समन्वयक, एक दक्ष आयुष चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक डाटा एंट्री ऑपरेटर और पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि शामिल हैं. यह टीम अगले 10 दिनों के भीतर सभी जरूरी सूचनाओं को पोर्टल पर अपलोड और संधारित करने का काम पूरा करेगी.

बीमारियों की समय पर होगी पहचान, बढ़ेगी पारदर्शिता

सिविल सर्जन के अनुसार, वेब पोर्टल 2.0 के लागू होने से बच्चों में बीमारियों की शीघ्र पहचान और समय पर बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा. प्रखंड स्तर पर कार्यरत आयुष चिकित्सक पोर्टल पर सूचनाओं के नियमित अपडेट की निगरानी करेंगे. डिजिटल प्रणाली लागू होने से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों का संकलन और विश्लेषण भी बेहद प्रभावी तरीके से हो सकेगा.

मधुबनी से अनिल कुमार झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >