मधुबनी के रमण कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी के रामपट्टी जेल में महिला बंदियों को माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया. ‘लेट्स इंस्पायर’ संस्था के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम की पहल राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका और जिला संगठन प्रभारी डॉ. मीनाक्षी कुमारी तथा राजू झा ने की. कार्यक्रम के दौरान महिला बंदियों के बीच सैनिटरी पैड का भी वितरण किया गया.
रेड डॉट चैलेंज के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम का उद्घाटन रामपट्टी जेल की असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट सोनी कुमारी ने किया. इस दौरान ‘रेड डॉट चैलेंज’ अभियान के माध्यम से महिलाओं को माहवारी से जुड़े संकोच और भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया. अभियान के तहत लोगों ने हाथों पर लाल बिंदु बनाकर यह संदेश दिया कि पीरियड्स एक सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिस पर खुलकर बात होनी चाहिए.
स्वच्छता और स्वास्थ्य पर हुई चर्चा
कार्यशाला में मौजूद वक्ताओं ने महिला बंदियों को माहवारी के दौरान साफ-सफाई, सैनिटरी पैड के सही इस्तेमाल और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी. टीम के सदस्यों ने कहा कि कई महिलाएं शर्म या संकोच के कारण अपनी समस्याएं छिपा लेती हैं, जिससे बाद में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए जरूरी है कि महिलाएं खुलकर अपनी बात डॉक्टरों और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाएं.
पेंटिंग और संवाद के जरिए समझाया महत्व
कार्यक्रम में स्नेहा ने विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर विशेष पेंटिंग बनाकर उसके माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया. वहीं आर्या झा, प्रीति मिश्रा और अन्य सदस्यों ने भी संवाद के जरिए महिला बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया.
महिलाओं को आत्मविश्वास देने की कोशिश
आयोजकों ने कहा कि जेल में रह रही महिलाओं को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जागरूकता का अधिकार है. इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं.
