Madhubani News: अब ऑनलाइन बिकेगी मिथिला पेंटिंग, ई-कॉमर्स पोर्टल के जरिए होगी बिक्री

Madhubani News: मधुबनी पेंटिंग के कलाकारों के लिए जिला प्रशासन ई-कॉमर्स पोर्टल तैयार करवा रहा है. इससे मिथिला की कलाकृतियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलेगा और बिक्री की राशि सीधे कलाकारों के बैंक खाते में जाएगी. एनआइसी पटना इस पोर्टल को विकसित कर रहा है. जानिए खबर विस्तार से…

Madhubani News: मिथिला की सुप्रसिद्ध चित्रकला अब सात समंदर पार अपनी चमक बिखेरेगी. जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में मिथिला चित्रकला के कलाकारों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए एक समर्पित ई-कॉमर्स पोर्टल के निर्माण की समीक्षा की गई. एनआइसी  पटना की ओर से  तैयार किए जा रहे इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक डिजिटल मंच प्रदान करना है.

सीधे कलाकारों के खाते में जाएगा पैसा

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया कि इस पोर्टल के माध्यम से होने वाली बिक्री की राशि सीधे कलाकारों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और कलाकारों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सकेगा. डीएम ने कहा कि मधुबनी पेंटिंग सिर्फ एक कला नहीं बल्कि मिथिला का गौरव है. इस डिजिटल पहल से कलाकारों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा और उन्हें आधुनिक बाजार की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकेगा.

डाक विभाग और एसबीआइ के साथ होगा तालमेल (MoU)

पोर्टल के सफल संचालन के लिए मिथिला चित्रकला संस्थान को एनआइसी पटना, डाक विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है. जल्द ही इन विभागों के साथ एक एमओयू (MoU) साइन किया जाएगा ताकि कलाकृतियों की शिपिंग और पेमेंट गेटवे में कोई तकनीकी बाधा न आए.बैठक में मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, आईटी मैनेजर आशीष कुमार और एसबीआई के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे. जिला प्रशासन का मानना है कि इस पोर्टल के लॉन्च होने के बाद मधुबनी पेंटिंग के शौकीन दुनिया के किसी भी कोने से असली और उच्च गुणवत्ता वाली पेंटिंग्स ऑनलाइन खरीद सकेंगे.

मधुबनी से रमण कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >