Madhubani News: मधुबनी जिले में बकरीद का त्योहार गुरुवार को पूरे धार्मिक उत्साह, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया. सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर देश में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और इंसानियत की सलामती की दुआ मांगी. पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासनिक अधिकारियों ने की गश्त
प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 6:30 बजे भौआरा ईदगाह तथा 7 बजे मदरसा इस्लामिया सहित जिले के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई. इसके अलावा रहिका, नाजीरपुर, इजरा, गौसनगर और सतलखा समेत दर्जनों गांवों में हजारों लोगों ने नमाज अदा की. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसडीओ सदर चंदन कुमार झा और एसडीपीओ सदर अमित कुमार लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेते रहे.
उलेमाओं ने दिया इंसानियत, मोहब्बत और त्याग का पैगाम
ईदगाहों में तकरीर करते हुए उलेमाओं ने कहा कि इस्लाम इंसानियत, मोहब्बत और त्याग का पैगाम देता है. वक्ताओं ने कहा कि कुर्बानी का असली मकसद समर्पण है, इसलिए इसे दिखावे से दूर रहकर सादगी के साथ अदा करना चाहिए. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी और घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की. इस दौरान हिंदू समुदाय के लोगों ने भी मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर बधाई दी, जिससे जिले में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली.
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
