Madhubani News: चामुण्डा विकास फाउंडेशन की बड़ी पहल, विदेश तक पहुँचेगी मंदिर की ख्याति

Madhubani News: मधेपुर स्थित शक्तिपीठ मां चामुण्डा स्थान की ऑफिशियल वेबसाइट का लोकार्पण किया गया है. अब देश-विदेश के श्रद्धालु घर बैठे ऑनलाइन दर्शन, दान और विशेष पूजा के लिए पंडित व सामग्री की बुकिंग कर सकेंगे. जानिए खबर विस्तार से…

Madhubani News:  मधेपुर प्रखंड स्थित पचही के शक्तिपीठ मां चामुण्डा स्थान के प्रांगण में मां चामुण्डा भगवती के ऑफिशियल वेबसाइट (www.chamundasthan.in) का लोकार्पण किया गया. भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योति झा, चामुण्डा विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश कुमार झा और सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से लैपटॉप का बटन दबाकर इसकी शुरुआत की गई. वक्ताओं ने कहा कि इस वेबसाइट के चालू होने से मां चामुण्डा भगवती के महात्म्य की जानकारी देश-विदेश तक पहुँचेगी और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

घर बैठे कर सकेंगे दर्शन

इस वेबसाइट के जरिए देश-विदेश में बैठे भक्त ऑनलाइन माध्यम से मंदिर में दान या चढ़ावा दे सकते हैं, जिससे मंदिर की आय बढ़ेगी. इसके अलावा भक्त घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से किसी विशेष पूजा, कुमारी कन्या भोजन, मुंडन, उपनयन, विवाह, बलिप्रदान, हवन, अनुष्ठान और गाड़ी पूजा के लिए पंडित जी का समय और सामग्री बुक कर सकते हैं. दान के पैसों का उपयोग और मंदिर के विकास कार्यों की जानकारी वेबसाइट पर प्रकाशित करके पूरी पारदर्शिता बनाई जायेगी.

वेबसाइट पर मिलेगी आयोजनों की जानकारी

वेबसाइट पर आगामी उत्सवों जैसे महादेव पूजा सह चामुण्डा महोत्सव, विशाल भंडारा, विशेष मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी अपडेट की जाएगी. बाहरी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पता, पहुँचने के साधन और आरती की समय-सारिणी खोजना अब आसान हो जाएगा. इसके साथ ही श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से सदस्य भी बन सकते हैं. सदस्यता की तीन श्रेणियां तय की गई हैं:

  • सामान्य सदस्य: शुल्क 251 रुपये (वैधता एक वर्ष)
  • सक्रिय सदस्य: शुल्क 501 रुपये (वैधता तीन वर्ष)
  • विशिष्ट सदस्य: शुल्क 2501 रुपये (वैधता आजीवन)

उल्लेखनीय है कि वट-सावित्री व्रतोत्सव के अवसर पर चामुण्डा विकास फाउंडेशन के द्वारा सुवासिनी व्रतियों एवं भक्तों के लिए शरबत और शीतल जल की व्यवस्था की गई. इस मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश कुमार झा, सोनू झा, लालन झा, धिरेन्द्र नारायण झा, शंकर मिश्र, संतोष झा, नविन झा, अमरजी झा, राजेश ठाकुर, राम सागर कामत और किशोर आदि मौजूद रहे.

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >