Madhubani News: झंझारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखेत रोड पर बीती रात बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. शातिर चोरों ने एक प्रसिद्ध हार्डवेयर दुकान की बाउंड्रीवॉल (चारदीवारी) को कंक्रीट कटर से काटा और शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश कर गए. चोर दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के भारी-भरकम लोहे के सामान, सरिया, सीमेंट और अन्य कीमती पार्ट्स समेटकर फरार हो गए. सुखेत गांव की मुख्य सड़क पर हुई इस दुस्साहसिक डकैती के बाद से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी दहशत का माहौल व्याप्त है.
दुकान के आगे खड़ी की पिकअप वैन
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए हार्डवेयर दुकान के कर्मी नितेश कुमार ने बताया कि चोर पूरी तैयारी और योजना के साथ आए थे. मुख्य सड़क से गुजरने वाले राहगीरों या पुलिस गश्ती दल की नजरों से बचने के लिए चोरों ने सबसे पहले ‘एजे हार्डवेयर’ दुकान के ठीक आगे एक बड़ी पिकअप मालवाहक गाड़ी तिरछी खड़ी कर दी. इसके बाद गाड़ी की आड़ में चोरों ने आराम से बाउंड्रीवॉल तोड़ी और फिर दुकान के मुख्य शटर का ताला कटर से काट दिया.
सीमेंट, सरिया समेत ट्रैक्टर की बैटरी तक ले उड़े चोर
दुकान के भीतर दाखिल होकर चोरों ने पांच लोहे की अलमारी, 20 बोरी सीमेंट, 8 बंडल कीमती सरिया, ट्रैक्टर की नई बैटरी और अन्य महंगे स्पेयर पार्ट्स गाड़ी पर लाद लिए. हैरानी की बात यह रही कि चोर दुकान के काउंटर में रखे दाद-खाज और खुजली की दवा के पांच पैकेट भी अपने साथ समेटकर ले गए.
चार महीने पहले ही शुरू किया था व्यवसाय
दुकान के प्रोपराइटर अनिल कुमार झा ने अत्यंत मायूसी के साथ बताया कि उन्होंने बड़े अरमानों और पूंजी के साथ महज चार महीने पहले ही इस नई हार्डवेयर दुकान का संचालन शुरू किया था. बुधवार की सुबह जब दुकान के कर्मी रोजाना की तरह काम पर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. दुकान की दीवार टूटी हुई थी और शटर का ताला जमीन पर कटा पड़ा था. भीतर जाने पर सारा सामान गायब मिला, जिसके बाद तुरंत इस महा-चोरी की सूचना गृहस्वामी और स्थानीय पुलिस को दी गई.
आसपास के कैमरों पर पुलिस की नजर
घटना की भनक मिलते ही झंझारपुर थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह आ रही है कि नई दुकान होने के कारण भवन में अभी तक सीसीटीवी (CCTV) कैमरा नहीं लगाया गया था, जिसका सीधा फायदा चोरों को मिला. कैमरे न होने से अपराधियों के चेहरे और गाड़ी का नंबर ट्रेस करने में तकनीकी परेशानी हो रही है. हालांकि, पुलिस टीम सुखेत मुख्य मार्ग पर स्थित अन्य दुकानों और पेट्रोल पंपों में लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि देर रात गुजरी संदिग्ध पिकअप वैन का सुराग मिल सके.
मामले का रहस्य जल्द सुलझने की उम्मीद
घटना को लेकर पीड़ित व्यवसायी अनिल कुमार झा ने झंझारपुर थाने में अज्ञात चोर गिरोह के खिलाफ लिखित आवेदन देकर न्याय और माल की बरामदगी की गुहार लगाई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. त्वरित कार्रवाई करते हुए सब-इंस्पेक्टर (SI) संतोष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आस-पास के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है. थानाध्यक्ष ने दावा किया कि स्थानीय इनपुट और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और बहुत जल्द इस गिरोह को दबोचकर कांड का सफल उद्भेदन कर लिया जाएगा.
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
