Madhubani News: प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर मुशहरी में वर्षों से चली आ रही पीने के पानी की गंभीर समस्या अब हमेशा के लिए समाप्त हो गई है. प्रधान शिक्षिका मुन्नी कुमारी के अथक और सराहनीय प्रयासों से पीएचईडी (PHED) विभाग द्वारा विद्यालय परिसर में नया चापाकल लगवा दिया गया है. चापाकल चालू होने से अब छात्र-छात्राओं को पानी पीने के लिए स्कूल परिसर से बाहर धूप में नहीं जाना पड़ेगा.
पानी के लिए स्कूल से बाहर जाने को मजबूर थे नन्हे बच्चे
प्रधान शिक्षिका मुन्नी कुमारी ने बताया कि जब उन्होंने इस विद्यालय में अपना योगदान दिया था, तब मासूम बच्चों के लिए पीने के पानी की कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं थी. विद्यालय के ठीक बाहर एक सार्वजनिक चापाकल जरूर था, लेकिन वहां स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ होने के कारण छोटे बच्चों को पानी लेने में काफी कठिनाई होती थी. कई बार तो भीड़ की वजह से नन्हे बच्चे प्यासे रहकर ही पढ़ाई करने को मजबूर हो जाते थे.
प्रधान शिक्षिका का संघर्ष लाया रंग, पीएचईडी विभाग ने लगाया चापाकल
मुन्नी कुमारी ने कहा कि उनके मन में संकल्प था कि विद्यालय को बेहतर बनाना है और बच्चों को हर मूलभूत सुविधा दिलानी है. इसी उद्देश्य से उन्होंने लगातार प्रयास किया, संबंधित सरकारी विभागों के चक्कर लगाए और लिखित आवेदन देकर लगातार पैरवी की. आखिरकार उनका यह संघर्ष रंग लाया. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक चापाकल नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति समर्पण की जीत है. अब विद्यालय में स्वच्छ जल की धारा बहेगी. इस पहल से स्कूल के बच्चों में खुशी की लहर है.
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
