मधुबनी: एनएच-27 पर ट्रक से पांच मवेशी बरामद, पशु तस्करी मामले में ड्राइवर गिरफ्तार

Madhubani News: झंझारपुर में पुलिस पर वसूली का आरोप लगाने वाला ट्रक चालक खुद पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार हुआ. पुलिस ने ट्रक से पांच मवेशी बरामद किए, जिन्हें क्रूरतापूर्वक बांधा गया था. आरोपी दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद केस दर्ज किया गया. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कुमार की रिपोर्ट

Madhubani News: झंझारपुर में पुलिस जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अररिया संग्राम थाना में पुलिसकर्मियों पर वसूली का आरोप लगाने वाला ट्रक चालक खुद पशु तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो गया. पुलिस ने ट्रक से पांच मवेशी बरामद किए हैं, जिन्हें कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था. मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है.

वसूली की शिकायत के बाद खुला मामला

जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को ट्रक चालक देवनंदन कामत ने अररिया संग्राम थाना के पूर्व थानाध्यक्ष आयुष कुमार झा और पुलिस चालक तपेश्वर कुमार पर पिस्टल दिखाकर वसूली करने का आरोप लगाया था. शिकायत मिलने के बाद वर्तमान थानाध्यक्ष अर्पण कुमार मामले की जांच में जुट गए.

पुलिस को नहीं मिला ट्रक

थानाध्यक्ष जब चालक को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां ट्रक नहीं मिला. पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक में मवेशी लदे थे, इसलिए उसका साथी पुलिस के डर से वाहन लेकर निकल गया.

एनएच-27 किनारे मिला ट्रक

पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो भपटियाही के पास एनएच-27 किनारे ट्रक खड़ा मिला. दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब ट्रक खोला गया तो अंदर पांच मवेशी बेहद खराब हालत में बंधे मिले. इनमें एक भैंस, एक पाड़ा और तीन पारी शामिल थे.

क्रूरतापूर्वक बांधे गए थे मवेशी

पुलिस के मुताबिक मवेशियों को लोहे की रॉड और रस्सियों से इस तरह बांधा गया था कि वे सिर तक नहीं हिला पा रहे थे. पुलिस ने पूरे मामले की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई.

कागजात नहीं दिखा सका चालक

जब पुलिस ने मवेशियों की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे तो चालक कोई कागज पेश नहीं कर सका. इसके बाद ट्रक और मवेशियों को जब्त कर चालक देवनंदन कामत को गिरफ्तार कर लिया गया.

पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज

पुलिस ने चालक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. वाहन मालिक और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >