मधुबनी के फुलपरास से जगदीश कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर फुलपरास पुरवारी टोल के समीप सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी रेलिंग से टकराते हुए बीच हाईवे पर पलट गया. गनीमत यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
चालक को नींद आने के कारण हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर ट्रक असम के गुवाहाटी से सामान लादकर अहमदाबाद की ओर जा रहा था. सोमवार की सुबह जैसे ही ट्रक फुलपरास पुरवारी टोल के पास पहुंचा, अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई. नींद आने के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और ट्रक तेज रफ्तार में एनएच 27 की सुरक्षा रेलिंग से जा टकराया.
रेलिंग ने रोका रास्ता, सर्विस रोड पर गिरने से बचा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेलिंग से टकराने के बाद ट्रक मुख्य हाईवे पर ही पलट गया. अगर रेलिंग कमजोर होती या ट्रक उसे तोड़कर नीचे बनी सर्विस रोड पर गिर जाता, तो नीचे से गुजरने वाले लोग इसकी चपेट में आ सकते थे और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था. रेलिंग के सहारे एनएच पर ही पलटने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
क्रेन की मदद से हटाया गया कंटेनर, यातायात सुचारू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने हाईवे पर यातायात को सुचारू कराने के लिए तुरंत क्रेन मंगवाई. क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर ट्रक को बीच सड़क से हटाकर किनारे किया जा रहा है ताकि एनएच 27 पर वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से हो सके.
