Madhubani News: सीएचसी में लगा विशेष शिविर, गर्भवती महिलाओं की हुई जांच और काउंसलिंग

Madhubani News: बाबूबरही सीएचसी में आयोजित एएनसी जांच शिविर में सैकड़ों गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गयी. डॉक्टरों ने मुफ्त दवाएं वितरित कर सुरक्षित मातृत्व, पोषण और नियमित जांच को लेकर जरूरी सलाह दी. हाई रिस्क महिलाओं की विशेष काउंसलिंग भी की गयी. जानिए खबर विस्तार से…

Madhubani News: जिले के बाबूबरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) शिविर लगाया गया. शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करायी. डॉक्टरों ने महिलाओं की जांच के साथ जरूरी दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी.

सैकड़ों महिलाओं ने करायी जांच

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में प्रखंड के अलग-अलग गांवों से पहुंचीं गर्भवती महिलाओं की जांच की गयी. चिकित्सा टीम ने महिलाओं का ब्लड प्रेशर, वजन, हीमोग्लोबिन, शुगर और पेट की जांच की. साथ ही सभी महिलाओं का टीकाकरण कार्ड भी अपडेट किया गया.

हाई रिस्क महिलाओं की हुई काउंसलिंग

शिविर में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की अलग से पहचान कर उन्हें विशेष सलाह दी गयी. डॉक्टरों ने ऐसी महिलाओं को 21 तारीख को दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए. शिविर में मौजूद चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर जांच कराने की जरूरत भी समझायी.

मुफ्त दवाएं और जरूरी सलाह

जांच के बाद महिलाओं को आयरन, कैल्शियम और फोलिक एसिड की गोलियां मुफ्त दी गयीं. डॉक्टरों ने पौष्टिक भोजन, साफ-सफाई और संस्थागत प्रसव के फायदे के बारे में जानकारी दी. सीएचसी प्रभारी डॉ. उदय शंकर प्रसाद ने कहा कि मां और बच्चे दोनों की सुरक्षा के लिए नियमित एएनसी जांच बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से हर महीने एएनसी दिवस मनाया जाता है.

मधुबनी से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >