BPSC 70वीं परीक्षा में बाबूबरही की कृष्णा कुमारी बनीं डीएसपी, जिले का बढ़ाया मान

Madhubani BPSC Success Story: बाबूबरही के बेला गांव की कृष्णा कुमारी ने 70वीं BPSC परीक्षा में 917वीं रैंक हासिल कर DSP पद पर चयन प्राप्त किया है. वर्तमान में दरोगा के पद पर कार्यरत कृष्णा की सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है. जानिए खबर विस्तार से…

मधुबनी के बाबूबरही से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani BPSC Success Story: बाबूबरही प्रखंड के महेशवाड़ा पंचायत अंतर्गत बेला गांव की रहने वाली कृष्णा कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 917वीं रैंक हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है. वर्तमान में बिहार पुलिस में दरोगा के पद पर कार्यरत कृष्णा ने नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए यह उपलब्धि हासिल की है.

किसान परिवार की बेटी ने हासिल की बड़ी सफलता

कृष्णा कुमारी किसान चंद्रदेव सिंह और गृहिणी विनीता देवी की बड़ी पुत्री हैं. तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी कृष्णा की सफलता से परिवार के साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है. ग्रामीण उनकी उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा मान रहे हैं.

स्कूल की पढ़ाई से DSP बनने तक का प्रेरक सफर

कृष्णा ने अपनी स्कूली शिक्षा महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान, दरभंगा से पूरी की. इसके बाद आरके कॉलेज, मधुबनी से जूलॉजी विषय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की.

दरोगा की नौकरी करते हुए पास की BPSC परीक्षा

वर्ष 2022 में कृष्णा का चयन बिहार पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) पद पर हुआ था. वर्तमान में वह पटना जिले के बख्तियारपुर थाना में पदस्थापित हैं. पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने BPSC की तैयारी जारी रखी और अब DSP पद पर चयनित होकर अपनी मेहनत का परिणाम हासिल किया है.

दो छोटी बहनों के लिए बनीं प्रेरणा

कृष्णा की सफलता से प्रेरित होकर उनकी दोनों छोटी बहनें कंचन राज और कोमल राज भी प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रही हैं. दोनों 71वीं BPSC की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर मुख्य परीक्षा दे चुकी हैं. परिवार को उम्मीद है कि वे भी जल्द प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल करेंगी.

परिवार और क्षेत्र में जश्न का माहौल

कृष्णा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और सहयोगियों को दिया है. उनकी उपलब्धि पर सूर्यदेव सिंह, रंधीर खन्ना, महेश प्रसाद यादव, अरुण कुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह, चंद्रकांत साहू, रामवृक्ष यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने बधाई दी है. ग्रामीणों का कहना है कि कृष्णा ने साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: जिला अतिथि गृह में जनसुनवाई, विधायक बोले- जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >