मधुबनी के बासोपट्टी से रौशन ठाकुर की रिपोर्ट
Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा पर बासोपट्टी थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप जब्त की है. इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
विशेष गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, विशेष गश्ती टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बासोपट्टी थाना क्षेत्र के कटैया निवासी रंजन शाह को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से 40 नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) टैबलेट और कोडीन फॉस्फेट व ट्राइप्रोलिडीन एचसीएल युक्त 10 बोतल (एक लीटर) सिरप बरामद किया गया.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रतिबंधित दवाएं उसे मधुबनी निवासी संजीव कुमार, जो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) बताया जा रहा है, से मिली थीं.
यह भी पढ़ें: अवैध रिवॉल्वर व आठ कारतूस के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार
एसएसबी की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
जानकीनगर एसएसबी ने इस मामले में बासोपट्टी थाना को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका की पड़ताल की जा रही है.
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार रंजन शाह पहले भी प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस और एसएसबी सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों और साइकोट्रॉपिक दवाओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चला रही है.
