Madhubani: ATM में फंसा शिक्षक का कार्ड, मदद के नाम पर OTP लेकर खाते से उड़ाये 1 लाख से अधिक

मधुबनी के एक शिक्षक ATM में पैसे निकालते समय ठगी का शिकार हो गए. कार्ड फंसने पर मदद के बहाने युवक ने OTP लेकर उनके खाते से ₹1 लाख से ज्यादा की रकम उड़ा ली. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल कर ठगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

Madhubani News: मधेपुर मुरलीगंज के हाट बाजार स्थित एसबीआई एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे एक शिक्षक साइबर ठगी का शिकार हो गये. एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद के नाम पर एक युवक ने उन्हें मोबाइल नंबर पर कॉल करने की सलाह दी. कॉल करने के बाद ठग ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर शिक्षक से ओटीपी हासिल कर लिया. इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए एक लाख रुपये से अधिक की राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गयी.

ATM में फंस गया था शिक्षक का कार्ड

पीड़ित शिक्षक की पहचान सरोज कुमार के रूप में हुई है. उन्होंने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 26 अगस्त की शाम करीब 6:10 बजे वह स्टेट बैंक मेन ब्रांच से करीब 200 मीटर पश्चिम हाट बाजार स्थित एसबीआई एटीएम पहुंचे थे.

एटीएम में कार्ड डालने के बाद उनका कार्ड मशीन के अंदर ही फंस गया. काफी प्रयास के बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला और लेन-देन भी नहीं हो सका.

पीछे खड़े युवक ने दिया फर्जी हेल्पलाइन नंबर

इसी दौरान एटीएम में पीछे खड़े एक युवक ने शिक्षक को सहायता के नाम पर एक मोबाइल नंबर पर कॉल करने की सलाह दी. शिक्षक ने उस नंबर पर संपर्क किया.

फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को सहायता देने वाला बताते हुए कार्ड निकालने और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर शिक्षक से ओटीपी हासिल कर लिया.

ओटीपी मिलते ही साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन शुरू कर दिये. आवेदन के अनुसार खाते से एक लाख रुपये से अधिक की राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर की गयी. इनमें एक ट्रांजैक्शन 75 हजार रुपये का भी बताया गया है.

CCTV फुटेज से ठगों तक पहुंचने की कोशिश

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गयी है. घटना स्थल और संबंधित एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि जिस स्वैप मशीन से 75 हजार रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है, उसके ट्रांजैक्शन कोड और बैंक अकाउंट स्टेटमेंट के जरिये संबंधित दुकान और मशीन धारक का पता लगाया जा रहा है. एटीएम मशीन पर लिखे फर्जी मोबाइल नंबर की भी तकनीकी जांच की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि जल्द ही ठग गिरोह की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

ATM कार्ड फंसने पर क्या करें?

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में कार्ड फंसने या किसी अन्य समस्या की स्थिति में मशीन पर लिखे संदिग्ध मोबाइल नंबर पर कॉल न करें. किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, ATM PIN या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें.

यह भी पढ़ें

जितवारपुर हसनपुर में हत्याकांड के फरार पांच आरोपितों के खिलाफ कुर्की-जब्ती, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >