Lakhnaur News: प्रखंड के सोनेलाल महतो प्लस टू हाई स्कूल, जोरला में मंगलवार को विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया. समिति के अध्यक्ष प्रतिनिधि के रूप में सतनेश्वर प्रसाद का चयन किया गया. विद्यालय परिवार की ओर से सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पाग एवं दोपट्टा देकर सम्मानित किया गया.
इन सदस्यों को मिली जिम्मेदारी
गठित समिति में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिव नारायण सुमन, शिक्षा प्रेमी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राम किशोर सिंह, दाता सदस्य ललित मोहन प्रसाद, शिक्षक प्रतिनिधि पूनम कुमारी, अनुसूचित जाति सदस्य रूणा कुमारी तथा सचिव के रूप में प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद रौशन शामिल किए गए.
विद्यालय का किया निरीक्षण
कार्यभार संभालने के बाद अध्यक्ष प्रतिनिधि सतनेश्वर प्रसाद ने समिति के सदस्यों के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान कक्षाओं, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला और कार्यालय का जायजा लिया गया. साथ ही विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर
नवगठित समिति के सदस्यों ने शिक्षकों से राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह किया. अध्यक्ष प्रतिनिधि सतनेश्वर प्रसाद ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी के संयुक्त प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया.
