Jhanjharpur News: मधेपुर प्रखंड के निरीक्षण भवन में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री शीला मंडल ने कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कोसी कटाव, आवास योजना और रोजगार से जुड़े मुद्दे लेकर पहुंचे.
अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मंत्री शीला मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि तकनीक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास और स्टार्टअप से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं.
विकास कार्यों में तेजी लाने का भरोसा
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता तथा प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मधेपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी और लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा.
कार्यक्रम में जदयू के योगेश्वर महतो, वीरेंद्र मंडल, उमेश मंडल, गोपाल प्रसाद, पूर्व प्रमुख भूषण यादव, गणेश चौपाल, राजेंद्र मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश चौधरी, छोटकन मुखिया तथा अन्य दलों के प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया.
यह भी पढ़ें: झंझारपुर में मानसून कप अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में नॉर्थ बिहार क्रिकेट अकादमी ने दर्ज की जीत
