पिस्टल के साथ रील्स बनाना पड़ा भारी, झंझारपुर पुलिस ने मोबाइल और वीडियो किया जब्त

झंझारपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है.

Madhubani News: झंझारपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल कर समाज में भय का माहौल पैदा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. झंझारपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है. झंझारपुर थाना में पदस्थापित सहायक निरीक्षक (अनि) संजना कुमारी के आवेदन पर अदलपुर निवासी मो फारुख (उम्र 38 वर्ष) के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.

एसडीपीओ की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग में पकड़ाया मामला

जानकारी के अनुसार, एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा द्वारा 20 जुलाई को समय करीब 4:10 बजे पुलिस टीम के साथ सोशल मीडिया की निगरानी (मॉनिटरिंग) की जा रही थी. इसी दौरान फेसबुक पर अवैध हथियार के साथ प्रदर्शन का एक वीडियो वायरल होता दिखा. पुलिस द्वारा जब बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि यह वीडियो 'मो फारुख' नाम की फेसबुक आईडी से पोस्ट किया गया था. इसके बाद थाना के चौकीदार ललित राय द्वारा पहचान करने पर उक्त आईडी अदलपुर निवासी मो फारुख की पाई गई.

समाज में डर फैलाने का आरोप, मोबाइल और वीडियो जब्त

मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी मो फारुख द्वारा हथियार का वीडियो डालकर समाज में लोगों को डराने-धमकाने और आपराधिक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा था. एसडीपीओ के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के मोबाइल और वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है.

वीडियो में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की तलाश में छापेमारी जारी

झंझारपुर के थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले का गहन अनुसंधान किया जा रहा है. वायरल वीडियो में दिख रहे अन्य अज्ञात लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह का हथियार प्रदर्शित कर दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि प्रभात खबर ने स्वतंत्र रूप से नहीं की है

यह भी पढ़ें: इंजीनियर अनुवेद कुमार सिंह और डॉ. कुणाल आनंद कांग्रेस में शामिल, जिला अध्यक्ष ने किया स्वागत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >